: भारती ग्लोबल ने बीटी ग्रुप में खरीदी 24.5% हिस्सेदारी, बना सबसे बड़ा शेयरधारक
Admin Wed, Aug 14, 2024
भारती एंटरप्राइजेज की अंतरराष्ट्रीय निवेश इकाई, भारती ग्लोबल, ने 12 अगस्त को ब्रिटिश टेलीकॉम कंपनी बीटी ग्रुप पीएलसी में 24.5 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने पर सहमति जताई। यह हिस्सेदारी Altice UK से खरीदी जाएगी, जो बीटी ग्रुप का सबसे बड़ा शेयरधारक और टेलीकॉम टायकून पैट्रिक द्राही का निवेश वाहन है।इस सौदे के साथ ही भारती ग्लोबल बीटी ग्रुप का सबसे बड़ा शेयरधारक बन जाएगा। यह कदम एक महत्वपूर्ण मोड़ को दर्शाता है, जहां सुनील मित्तल की भारती एंटरप्राइजेज अब बीटी ग्रुप में महत्वपूर्ण हिस्सेदारी खरीदने के लिए तैयार है। गौरतलब है कि 1997 में ब्रिटिश टेलीकम्युनिकेशंस कंपनी बीटी ग्रुप ने भारती एयरटेल में निवेश किया था। यह नवीनतम अधिग्रहण भारती ग्रुप की वैश्विक महत्वाकांक्षाओं और अंतरराष्ट्रीय टेलीकॉम बाजार में अपनी उपस्थिति मजबूत करने की योजना को दर्शाता है।भारती एंटरप्राइजेज के चेयरमैन सुनील मित्तल ने मनीकंट्रोल को बताया,"यह एक बड़ी निवेश है एक प्रतिष्ठित कंपनी में, एक ऐसे क्षेत्र में जिसे हम समझते हैं।"वर्तमान बाजार मूल्य पर, 24.5 प्रतिशत हिस्सेदारी की खरीद लगभग ₹31,850 करोड़ या लगभग $4 बिलियन की है,जिससे यह एक भारतीय कंपनी द्वारा की गई सबसे बड़ी आउटबाउंड डील्स में से एक बन जाती है।वर्तमान में भारती एयरटेल का बाजार पूंजीकरण लगभग ₹8.26 लाख करोड़ है,जो बीटी ग्रुप के ₹1.39 लाख करोड़ के मुकाबले कहीं अधिक है।रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, इस लेनदेन की कीमत बीटी ग्रुप के मौजूदा बाजार मूल्य के करीब थी।मित्तल ने यह भी बताया कि भारती एंटरप्राइजेज ने बीटी ग्रुप के बोर्ड में सीट की मांग नहीं की है।
विज्ञापन